20°C Korba
September 17, 2026
25 सितंबर को सामूहिक पूर्ण वंदे मातरम गान का आयोजन
कोरबा छत्तीसगढ़ देश

25 सितंबर को सामूहिक पूर्ण वंदे मातरम गान का आयोजन

Sep 15, 2026
  • 25 सितंबर को भारत रचेगा इतिहास
  • करोड़ों विद्यार्थी, शिक्षक, नागरिक एक साथ, एक समय, एक स्वर में सामूहिक रूप से गाएंगे पूर्ण वंदे मातरम
  • कोरबा छत्तीसगढ़ की होगी महत्वपूर्ण सहभागिता
  • गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होगा आयोजन

15 सितंबर को प्रेस क्लब तिलक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में जुड़ावन सिंह ठाकुर, छत्तीसगढ़ प्रांत संयोजक, सामूहिक वंदे मातरम आयोजन एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विद्या भारती मध्य क्षेत्र, चंद्र किशोर श्रीवास्तव , सचिव वनांचल शिक्षा सेवा न्यास, दीपक सोनी, प्रांत प्रमुख विद्या भारती छत्तीसगढ़, एवं जोगेश लांबा , सचिव सरस्वती शिशु मंदिर कोरबा ने बताया कि 25 सितंबर को सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़ विद्या भारती द्वारा अखिल भारतीय आयोजन के तहत 5 लाख लोगो द्वारा सामूहिक पूर्ण वंदे मातरम गान कार्यक्रम होना है.

श्री ठाकुर ने कहा कि इस वर्ष सम्पूर्ण भारत वंदे मातरम गीत की 150वीं वर्षगाँठ मना रहा है, वंदे मातरम केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान एवं राष्ट्रीय चेतना का अमर स्वर है. वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने का यह ऐतिहासिक अवसर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण का स्मरण कराता है.

इस अवसर पर विद्या भारती द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर सामूहिक पूर्ण वंदे मातरम गीत का आयोजन किया जा रहा है. सम्पूर्ण देश में 25 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे एक साथ, एक स्वर में लाखों विद्यार्थी, शिक्षक, नागरिक वंदे मातरम गीत का पूर्ण सामूहिक गायन करेंगे. यह आयोजन गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होगा.

विद्या भारती भारत का सबसे बड़ा गैर-सरकारी स्वैच्छिक शैक्षिक नेटवर्क है. विद्या भारती भारत देश के 684 जिलों में अपनी सेवा दे रही है, जिसमें शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण, जनजातीय आदिवासी और दूरदराज के सीमावर्ती क्षेत्र भी शामिल हैं.

विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के पूरे भारत में 12 हजार से अधिक विद्यालय और लगभग 8,000 से अधिक अनौपचारिक शिक्षा केंद्र संचालित हैं. सरस्वती शिशु मंदिरों में देश भर में कुल आचार्य 1.53 लाख से अधिक और कुल 35.33 लाख विद्यार्थी हैं.
सरस्वती शिशु मंदिरो में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा एआई और रोबोटिक्स के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, योग, संगीत और नैतिक मूल्यों संस्कारों की शिक्षा प्रमुख रुप से दी जाती है

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रांत के समस्त 1100 से अधिक सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय और उनमें अध्ययनरत 3 लाख विद्यार्थी एवं 11 हजार शिक्षकों के साथ इस आयोजन में सहभागी होगा.

25 सितंबर को प्रातः 11 बजे छत्तीसगढ़ के समस्त सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही है. चूंकि यह आयोजन गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में सम्मिलित होगा इस हेतु उसके समस्त प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी कार्ययोजना बन रही है.

सामूहिक वंदे मातरम पूर्ण गायन के दिन सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों के आसपास स्थित अन्य विद्यालय एवं महाविद्यालय भी इस आयोजन में सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय पहुंचकर इस गौरवपूर्ण आयोजन में सम्मिलित हों यह आह्वान भी समस्त शैक्षणिक संस्थाओं से किया जा रहा है.

पत्रकार वार्ता के माध्यम से श्री ठाकुर ने छत्तीसगढ़ के समस्त युवाओं, नागरिकों से देशभक्ति पूर्ण इस गौरवमयी आयोजन में सम्मिलित होने का आह्वान करते हैं.