
शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा में केन्द्रीय सतर्कता आयोग, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशानुसार “सतर्कता जागरूकता सप्ताह” का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं स्वीप (SVEEP) के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित यह साप्ताहिक कार्यक्रम 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चला, जिसके अंतर्गत कॉलेज में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का सफल संपादन किया गया।
सत्यनिष्ठा की शपथ से हुई शुरुआत
साप्ताहिक कार्यक्रम के प्रथम दिन महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा और ईमानदारी की शपथ लेकर अभियान का शंखनाद किया।
निबंध प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाए अपने अपने विचार
30 अक्टूबर को छात्राओं के लिए “मेरे सपनों का भारत: जहां सत्यनिष्ठा ही समृद्धि का मार्ग” विषय पर एक भव्य निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने बेहद उत्साह के साथ हिस्सा लिया और राष्ट्र निर्माण व समाज में ईमानदारी के महत्व पर अपने उत्कृष्ट विचार साझा किए।
प्रतिभाशाली छात्राएं हुईं पुरस्कृत
कठिन मूल्यांकन के बाद निबंध प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे प्रथम स्थान आरती (बी.ए. पांचवां सेमेस्टर), द्वितीय स्थान राजकुमारी (बी.ए. तीसरा सेमेस्टर), तृतीय स्थान तनुजा कुंवर (बी.एससी. पहला सेमेस्टर)

कुशल मार्गदर्शन एवं संचालन
यह रचनात्मक कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पापिया चतुर्वेदी के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम एवं प्रतियोगिता का सफल संचालन सहायक प्राध्यापक श्रीमती वर्षा सिंह तंवर एवं स्वीप नोडल अधिकारी श्रीमती कल्याणी श्रेष्ठ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्या डॉ. पापिया चतुर्वेदी और मार्गदर्शकों ने विजेता छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने सभी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

