छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय चेयरमेन अशोक मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के द्वारा 10 वें अग्र अलंकरण समारोह ’’ अग्र महाकुम्भ 2026 सेवा शक्ति ओर सामर्थ ’ का भव्य दो दिवसीय आयोजन आगामी 19 एवं 20 सितम्बर 2026 को अम्बिकापुर में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित आयोजन का शुभारम्भ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णुदेव साय जी के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल करेगें। यह आयोजन अग्रवाल समाज का एक विशाल सामाजिक एवं संगठनात्मक महाकुंभ होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ प्रदेश के विभिन्न जिलों से संगठन के पदाधिकारीगण, सदस्य एवं अग्रबंधु बड़ी संख्या में शामिल होंगे, इसके अतिरिक्त देशभर से अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय स्तर के पदाधिकारीगण, समाजसेवी, जन-प्रतिनिधि तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियाँ की भी समारोह में गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक सियाराम अग्रवाल, छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा संगठन के संरक्षक राजेश अग्रवाल , छ.ग. के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल, पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, बसना विधानसभा क्षेत्र के विधायक संपत अग्रवाल सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
संगठन के चेयरमैन अशोक मोदी ने बताया कि 10 वें अग्र अलंकरण समारोह का आयोजन अग्रवाल सभा, अम्बिकापुर एवं संभागीय अग्रवाल महासभा, सरगुजा के आतिथ्य एवं सहयोग से किया जा रहा है। दो दिनों तक चलने वाले इस भव्य आयोजन में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत महिला सत्र एवं युवा सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें समाज की महिलाओं एवं युवाओं की भूमिका, सहभागिता तथा उनके सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक एवं संगठनात्मक विषयों पर सार्थक चर्चा, विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा देश के प्रख्यात कवियों की सहभागिता से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया है।
इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण अग्र अलंकरण सम्मान समारोह होगा, जिसमें समाज एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले 18 विशिष्ट प्रतिभागियों एवं प्रतिभाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा नई पीढ़ी को प्रेरणा प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। मोदी जी ने देशभर के अग्रवाल समाज तथा विभिन्न अग्रवाल सभाओं एवं संगठन से जुड़े सभी अग्रबंधुओं से सविनय आग्रह किया है कि वे इस ऐतिहासिक एवं गौरवशाली आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाएं तथा आयोजन समिति का मनोबल बढ़ायें। उन्होंने सभी अग्र बंधुओं से आग्रह किया कि वे आगामी 19 एवं 20 सितम्बर 2026 को अम्बिकापुर में आयोजित 10वें अग्र अलंकरण समारोह में सपरिवार उपस्थित होकर इस भव्य आयोजन का आनंद लें और समाज की एकता एवं संगठनात्मक शक्ति का परिचय दें।

