भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर दीपका क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ प्रदेश मंत्री श्रीमती संतोषी दीवान के नेतृत्व में “अपना बूथ, सबसे मजबूत” अभियान के तहत ज्योति नगर, दीपका में मोहल्ला चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ज्योति नगर की वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता श्रीमती तारा देवी अग्रवाल का महिला साथियों द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। यह कार्यक्रम पूरे क्षेत्र में उत्साह और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बना।
इसी क्रम में दीपका के विभिन्न वार्डों में जाकर वरिष्ठ महिला कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जा रहा है। वार्ड क्रमांक 4 एवं 5 दीपका बस्ती में वार्ड पार्षद एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष श्रीमती ज्योति तिवारी की उपस्थिति में वरिष्ठ भाजपा महिला सदस्यों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित एवं निर्माणाधीन आवासों का अवलोकन भी किया गया। साथ ही उपस्थित महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
विशेष रूप से भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर महिला मोर्चा द्वारा प्रत्येक घर में भाजपा का ध्वज लगाकर संगठन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का कार्य भी किया जा रहा है।
श्रीमती संतोषी दीवान ने बताया कि भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर दीपका के प्रत्येक वार्ड में जाकर वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जा रहा है, जिससे संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

