छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन एवं कृष्णा ग्रुप के संयक्त तत्वावधान में श्री सप्तदेव मंदिर, कोरबा में दिनांक 10 सितंबर 2026, गुरुवार को भादी अमावस्या की पूर्व संध्या पर आयोजित विराट अखिल भारतीय कवि सम्मेलन ने नगरवासियों एवं साहित्य प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यें से पधारे सुप्रसिद्ध कवियों एवं कवयित्रियों जैसे सूरत (गुजरात) से प्रसिद्ध कवयित्री एवं अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की राष्ट्रीय संयोजिका (सांस्कृतिक) सोनल जैन तथा कवि विमल सोनी, राजस्थान के भरतपुर से जय कुमार जय, मध्यप्रदेश के जबलपुर से इंजीनियर विनोद नयन, इटारसी से बृजकिशोर पटेल तथा छत्तीसगढ़ के कोरबा से प्रसिद्ध कवयित्री डॉ. अंजना सिंह के आगमन पर उन्हे सर्वप्रथम श्री सप्तदेव मंदिर में विराजित देवताओं के दर्शन कराये गये तत्पश्चात उन्होने भगवान का पूजा अर्चना कर उनका आशीर्वाद लेकर अपनी रचनाओं की शानदार प्रस्तुति दी। देर रात तक चले इस कवि सम्मेलन में सभी ने अपनी सशक्त एवं प्रभावशाली काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कवियों ने हास्य, व्यंग्य, वीर रस, संवेदना, सामाजिक सरोकार एवं मानवीय भावनाओं से ओत-प्रोत अपनी विविध रचनाओं के माध्यम से कार्यक्रम में ऐसा रंग जमाया कि श्रोता देर रात तक अपनी जगह पर डटे रहे। हास्य एवं व्यंग्य की फुलझड़ियों ने श्रोताओं को ठहाके लगाने पर मजबूर किया, तो कभी भावपूर्ण एवं संवेदनशील रचनाओं ने वातावरण को भावविभोर कर दिया। ओजपूर्ण एवं राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत कविताओं ने उपस्थित जनसमुदाय में उत्साह एवं नई ऊर्जा का संचार किया जिसका नगरवासियो एवं साहित्य प्रेमियों ने भूरि भूरि प्रशंसा की।
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन एवं कृष्णा ग्रुप के चेयरमैन अशोक मोदी ने कवि सम्मेलन में उपस्थित नगरवासियों, श्रद्धालुओं एवं साहित्यप्रप्रेमियों को कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने पर लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

