20°C Korba
November 3, 2026
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी कोरबा के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक के नाम एएसपी को सौपा ज्ञापन व अपराधों पर अंकुश लगाने की माँग
कोरबा

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी कोरबा के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक के नाम एएसपी को सौपा ज्ञापन व अपराधों पर अंकुश लगाने की माँग

Oct 23, 2026
  • जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने रजगामार में हुए मासूम बच्ची के साथ अनाचार के खिलाफ न्याय के लिए उठाई बुलंद आवाज़
  • राजगामार क्षेत्र में मासूम बालिका की संदिग्ध मौत,अनाचार-हत्या की निष्पक्ष जाँच, शराब नीति व अशिक्षा के खिलाफ जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी का आक्रामक रुख

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, जिला कोरबा के प्रतिनिधिमंडल ने कोरबा जिले में लगातार बढ़ रही चोरी, डकैती, मारपीट, हत्या और बलात्कार की घटनाओं पर गंभीर चिंता जताते हुए पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों ने एडिशनल एसपी नितेश सिंह ठाकुर से प्रत्यक्ष मुलाकात की और जिले में बेलगाम हो चुके अपराधियों पर त्वरित एवं कठोर अंकुश लगाने की पुरज़ोर माँग की।

रजगामार क्षेत्र में 6-7 वर्षीय मासूम बालिका की संदिग्ध मौत ,उच्चस्तरीय निष्पक्ष जाँच की माँग

19 अक्टूबर 2026 को राजगामार क्षेत्र से लापता हुई मासूम बालिका का शव 22 अक्टूबर 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी माँग करती है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व निष्पक्ष जाँच के जरिए वास्तविक तथ्य अविलंब उजागर किए जाएँ। यदि दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि होती है, तो दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से अविलंब फाँसी की सजा दिलाई जाए।

दशहरा पर्व पर चाकूबाजी व निर्मम हत्या

पवित्र दशहरा पर्व के दौरान मुढ़ापार क्षेत्र में मामूली विवाद पर राहुल उर्फ गोल्डन की सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी गई, पार्टी ने अपराधियों पर त्वरित एवं कठोर अंकुश लगाने की पुरज़ोर माँग की।

मुख्य वक्तव्य एवं तीखा हमला

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, जिला कोरबा की ओर से जिले में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ती आपराधिक घटनाओं, नशे के कारोबार और प्रशासनिक लाचारी पर घोर आपत्ति व्यक्त करते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया गया है।

जिलाध्यक्ष जैनेन्द्र कुर्रे ने पूरी शासन-प्रशासन के रवैये एवं कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए सीधा निशाना साधा। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक व मंत्री लखन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिले में अपराधियों का दुस्साहस इस कदर बढ़ चुका है कि आम जनता और बेटियाँ खुद को पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

जिला सचिव महावीर यादव ने पुलिस प्रशासन की विफलता के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल की नीतियों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह कमजोर किया। इसके साथ ही, प्रदेश में जगह-जगह नई शराब भट्टियाँ खोलने का जोरदार विरोध करते हुए महावीर यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “क्षेत्र में होने वाली अधिकांश चोरी, डकैती, चाकूबाजी, बलात्कार व हत्या जैसी घिनौनी वारदातें शराब के अनियंत्रित प्रसार और अशिक्षा का ही सीधा दुष्परिणाम हैं।”

प्रदेश संगठन मंत्री सुरेंद्र प्रसाद (सोनू) राठौर ने प्रदेश सरकार की नाकामियों पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि सरकार अपराधों पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

महिला विंग अध्यक्ष चंचल महंत ने भी सरकार की शराब नीति के प्रति तीखा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने राजगामार में मासूम बच्ची के साथ हुई हृदयविदारक घटना पर सीधा सरकार और पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया तथा महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा में विफलता पर कड़ा निशाना साधा।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की प्रमुख बिंदु एवं ज्वलंत मुद्दे , स्पष्ट माँगें:

पारदर्शी जाँच व फाँसी की सजा:- राजगामार मामले की त्वरित व निष्पक्ष जाँच कर दोषियों को फाँसी के फंदे तक पहुँचाया जाए।

शराब नीति पर अंकुश व शिक्षा में सुधार:- नई शराब भट्टियों को तुरंत बंद किया जाए और अपराध की मूल जड़ बने नशे के कारोबार पर नकेल कसी जाए।

सख्त पुलिस चौकसी:- पूरे कोरबा जिले में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और आपराधिक तत्वों पर कठोरतम कार्रवाई की जाए।

इस अवसर पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी महासचिव बादल दुबे जिला संगठन मंत्री सुरेश पटेल जिला मंत्री देव हंस जिला उपाध्यक्ष संजीव गोस्वामी शहर अध्यक्ष हरि चौहान जेसीपी सदस्य कला महंत और सैकड़ों सेनानी व छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना कोरबा जिलाध्यक्ष सुरजीत सोनी के नेतृत्व में पूरा छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना कोरबा टीम उपस्थित रहे।

उक्त जानकारी महावीर यादव, जिला सचिव, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने दी। मो. 9109802128