20°C Korba
November 4, 2026
श्री हरिकिशन पब्लिक स्कूल, कोरबा में IAP OJAS राष्ट्रीय स्कूल स्वास्थ्य सहयोगात्मक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न
Education कोरबा मोटिवेशन शिक्षा सेहत

श्री हरिकिशन पब्लिक स्कूल, कोरबा में IAP OJAS राष्ट्रीय स्कूल स्वास्थ्य सहयोगात्मक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न

Oct 30, 2026

कोरबा, 23 अक्टूबर श्री हरिकिशन पब्लिक स्कूल में इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) के राष्ट्रीय स्कूल स्वास्थ्य सहयोगात्मक कार्यक्रम – OJAS का सफलतापूर्वक आयोजन एवं समापन हुआ।

यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव, भावनात्मक संतुलन तथा व्यक्तिगत सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त की और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, संतुलित आहार अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली का महत्व समझा। यह सेमिनार विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। बच्चों ने पूरे उत्साह एवं रुचि के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और कई नई बातें सीखीं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. विशाल उपाध्याय (कृष्णा मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, कोरबा) तथा विशिष्ट वक्ताओं के रूप में डॉ. ओमेश खुराना, डॉ. पुखराज बाफना, डॉ. मधुश्री देशपांडे एवं डॉ. माला चौधरी ने अपने बहुमूल्य विचारों एवं अनुभवों से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

विद्यालय प्रबंधन ने इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के आयोजन का अवसर प्रदान करने के लिए IAP का आभार व्यक्त किया तथा सभी अतिथि चिकित्सकों, आयोजकों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

विद्यालय के अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह भाटिया, सचिव सरदार सुखविंदर सिंह धनजल एवं प्राचार्य रविंद्र सिंह ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को न केवल जागरूक बनाते हैं, बल्कि उन्हें जीवन में स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए भी प्रेरित करते हैं।