- प्रकृति संरक्षण का अनूठा संकल्प: शासकीय पॉलिटेक्निक, कोरबा में वृहद पौधारोपण अभियान संपन्न- परिसर में रोपे गए 50 से अधिक बादाम के पौधे, ‘पौधा गोद लेने’ की अनूठी पहल
कोरबा: पर्यावरण संरक्षण और परिसर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से शासकीय पॉलिटेक्निक, कोरबा के प्रांगण में एक वृहद पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस महाभियान में संस्था के छात्र-छात्राओं, अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और परिसर में 50 से अधिक बादाम के पौधे रोपे गए।
इस आयोजन की सबसे अनूठी विशेषता ‘पौधा गोद लेने’ (Adopt a Plant) की संकल्पना रही। इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाकर छोड़ देना नहीं था, बल्कि प्रत्येक छात्र, अधिकारी और कर्मचारी को एक-एक पौधे को गोद लेने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी ने अपने द्वारा रोपे गए पौधे की नियमित देखभाल कर उसे पूर्ण वृक्ष बनाने का संकल्प लिया। इस पहल से संस्था के सभी सदस्यों का प्रकृति के साथ सीधा और आत्मीय जुड़ाव स्थापित होगा।

संस्था के प्राचार्य के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने भावी इंजीनियरों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ प्रकृति एवं समाज के प्रति उनके उत्तरदायित्वों का भी बोध कराया है। इस संपूर्ण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और इसे सफल बनाने में संस्था के डॉ. मुरारी महतो, श्री हरेन्द्र कुमार नेताम एन.एन.एस. कार्यक्रम अधिकारी और श्री दिनेश सिंह क्षत्रि का विशेष योगदान रहा।

