20°C Korba
November 3, 2026
परिक्षेत्र स्तरीय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा विजेता
कल्चर खेल छत्तीसगढ़ मोटिवेशन शिक्षा

परिक्षेत्र स्तरीय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा विजेता

Oct 24, 2026

शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा में आयोजित परिक्षेत्र स्तरीय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह, उमंग एवं खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पपिया चतुर्वेदी ने की, मुख्य अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा दिनेश वैष्णव उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता के ऑब्जर्वर श्री रविंद्र ध्रुव, वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी डॉ. बी.एस. राव, संगठन सचिव श्रीमती अनिमा तिर्की तथा क्रीड़ा समिति की संयोजक श्रीमती संध्या पांडे की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पपिया चतुर्वेदी ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व, टीम भावना एवं संघर्षशीलता का भी प्रतीक है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से महाविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक लीग मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, समन्वय एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। लीग मैचों के पश्चात फाइनल मुकाबला शासकीय ई.वी.पी.जी. महाविद्यालय, कोरबा एवं शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा के मध्य खेला गया। फाइनल मैच में शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला सेट 25–7 तथा दूसरा सेट 25–9 से जीतकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया और विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में संगठन सचिव एवं महाविद्यालय की क्रीड़ा अधिकारी अनिमा तिर्की, ऑफिशिएटिंग कर रहे मोहम्मद दानिश, जो छत्तीसगढ़ राज्य वॉलीबॉल एसोसिएशन के सदस्य हैं, दूसरे रेफरी श्री प्रकाश कुलदीप, स्कोरर श्री सुमित चौहान तथा महाविद्यालय के कोच मसूद हसन और शासकीय मुकुटधर पांडे महाविद्यालय की क्रीड़ा अधिकारी राजकुमारी मरकाम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित समस्त प्राध्यापकों एवं महाविद्यालय के छात्रों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। महाविद्यालय की क्रीड़ा अधिकारी अनिमा तिर्की ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, सहयोगियों, प्राध्यापकों एवं छात्रों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

समापन अवसर पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की गई तथा उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान खेल अनुशासन, आपसी समन्वय एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला।

इस प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता, जो दिनांक 28 एवं 29 अक्टूबर को बलौदाबाजार में आयोजित होगी, में भाग लेंगी। चयनित खिलाड़ियों से राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाने की अपेक्षा व्यक्त की गई।

यह आयोजन छात्राओं की खेल प्रतिभा को निखारने, उनमें आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा महिला खेलों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा।