कोरबा माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला युवा अधिकारी सुश्री ईशा गौतम ने गुरुवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के द्वारा ‘मेरा युवा भारत’ कार्यक्रम के तहत ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ 2027 का आयोजन होना है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को ऐसा मंच प्रदान करना है, जहाँ वे देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ संवाद स्थापित कर सकें और विकसित भारत के निर्माण में अपने विचारों एवं दृष्टिकोण को उनसे साझा कर सकें।
सुश्री ईशा गौतम ने बताया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के अंतर्गत ‘विकसित भारत चैलेंज’ प्रतियोगिता होना है। यह प्रतियोगिता कुल 5 चरणों में आयोजित होगी। प्रतियोगिता का पहला चरण क्विज प्रतियोगिता है, इस चरण में जागरूकता फैलाने और युवाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। 15 से 29 वर्ष के युवा इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। युवाओं को mybharat.gov.in पोर्टल पर लॉगिन या पंजीकरण करना होगा। पोर्टल पर लॉगिन करते ही युवाओं को क्विज में भाग लेने का विकल्प मिलेगा। क्विज में कुल 20 प्रश्न होंगे, जिन्हें हल करने के लिए लगभग 10 मिनट का समय मिलेगा। क्विज के माध्यम से ऑनलाइन चयनित अभ्यर्थियों को MY Bharat पोर्टल पर डिजिटल फॉर्मेट में निबंध प्रस्तुत करना होगा। जिसका विषय जनजातीय समुदाय एवं समावेशी विकास हैं जिला स्तरीय प्रस्तुतिकरण में निबंध लेखन के आधार पर जिला स्तर पर 50 युवाओं का चयन किया जाएगा। जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में यह चयनित 50 युवा अपने निबंध के विषय पर प्रस्तुति देंगे। जिला स्तर के बाद नवंबर-दिसंबर माह में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन होगा। संपूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य से कुल 45 युवाओं का चयन किया जाएगा। चयनित युवा 12 जनवरी (राष्ट्रीय युवा दिवस) के अवसर पर भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के मुख्य कार्यक्रम में भाग लेंगे और देश के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष अपनी प्रस्तुति देंगे।जिला युवा अधिकारी ने युवाओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में mybharat.gov.in पोर्टल पर जाकर इस क्विज में भाग लें और देश के विकास में अपनी सहभागिता दर्ज करें।

