कोसाबाड़ी स्थित सिद्धिविनायक हॉस्पिटल में दिनांक 9 जून को अस्पताल का 8वां स्थापना दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर अस्पताल के निदेशक डॉ. शतदल नाथ ने सभी कर्मचारियों, चिकित्सकों, सहयोगियों एवं मरीजों का आभार व्यक्त किया, जिनके विश्वास और सहयोग से अस्पताल निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
डॉ. नाथ ने बताया कि सिद्धिविनायक हॉस्पिटल की स्थापना 9 जून 2018 को एक छोटे से दो कमरों वाले अस्पताल के रूप में की गई थी। आज यह अस्पताल क्षेत्र के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय सबसे पहले अपनी माता श्रीमती सती नाथ एवं स्वर्गीय पिता श्री सुशील कुमार नाथ के आशीर्वाद, मार्गदर्शन और प्रेरणा को जाता है।
उन्होंने कहा कि स्थापना के समय से ही अस्पताल का मुख्य उद्देश्य मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा है। इसी संकल्प के साथ अस्पताल निरंतर आधुनिक सुविधाओं और बेहतर चिकित्सा सेवाओं का विस्तार कर रहा है।
डॉ. नाथ ने कहा कि भविष्य में भी सिद्धिविनायक हॉस्पिटल मरीजों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सेवाएं उचित दरों पर उपलब्ध कराने तथा अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अस्पताल की पूरी टीम सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों के साथ आगे भी कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर डॉ. नाथ की माताजी श्रीमती सती नाथ ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा अस्पताल की निरंतर प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और अस्पताल के विकास की यात्रा में सहभागी बनने पर गर्व व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. शतदल नाथ ने सभी कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि अस्पताल भविष्य में भी नई चुनौतियों को स्वीकार करते हुए उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर तत्पर रहेगा।

