कोरबा। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में डीएवी संस्था के संस्थापक, महान समाज सुधारक एवं वैदिक विचारधारा के अग्रदूत महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में वैदिक हवन का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के प्राचार्य हेमंतो मुखर्जी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
हवन के पश्चात कक्षा सप्तम की दो प्रतिभाशाली छात्राओं ने स्वामी दयानंद सरस्वती के जीवन एवं विचारों पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। सर्वप्रथम कक्षा सातवीं की छात्रा त्रिशा कुर्रे ने महर्षि जी के जीवन संघर्ष, उनकी जिज्ञासु प्रवृत्ति एवं वेदों के प्रति उनकी अटूट आस्था पर प्रकाश डाला। इसके उपरांत कक्षा सातवीं की ही छात्रा अनन्या ने उनके समाज सुधार के प्रयासों, कुरीतियों के विरोध तथा राष्ट्र एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान का अत्यंत प्रेरणादायक वर्णन किया। दोनों छात्राओं के वक्तव्यों ने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री हेमंतो मुखर्जी ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन प्रदान करते हुए महर्षि दयानंद सरस्वती जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला।

